नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के घर पर चला निगम का बुलडोजर, रायपुर में सख्त कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार सुबह कड़ी कार्रवाई की। राजा तालाब के झंडा चौक स्थित आरोपी के मकान को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय पार्षद मौके पर मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की ओर से पहले आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें सात दिनों के भीतर मकान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में कोई जवाब नहीं मिलने और आरोपी के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज होने के बाद महापौर मीनल चौबे के स्पष्ट निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

स्थानीय पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि इलाके में आरोपी को लेकर भारी आक्रोश है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक छोटी दुकान चलाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 9 वर्षीय बच्ची के साथ गंभीर अपराध किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *