नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आदिंगपार-कुमेरादी इलाके के घने जंगलों में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 82 बीजीएलसेल बरामद किए गए हैं।
ये बीजीएल सेल नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों पर हमले और हिंसक गतिविधियों के लिए छिपाकर रखे गए थे। विस्फोटक सामग्रियां प्लास्टिक शीट में लपेटकर जमीन में दफन की गई थीं। इनकी बरामदगी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस सफलता का श्रेय नारायणपुर पुलिस, आईटीबीपी और डीआरजी की संयुक्त टीम को जाता है। यह अभियान खुफिया जानकारी पर आधारित गहन सर्च ऑपरेशन था। ओरछा, रायनार और धनोरा से आदिंगपार-कुमेरादी तक फैले क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान आईईडी बनाने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।