बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में 2026 की पहली बड़ी कार्रवाई में सुरक्षाबलों को सफलता मिली है। मट्टीमरका के घने जंगलों में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह से मुठभेड़ जारी है। अब तक दो नक्सली मारे गए हैं और दो AK-47 राइफल बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से सामना हो गया। दोनों ओर से तीखी गोलीबारी हो रही है और मुठभेड़ अभी भी जारी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो नक्सली मारे गए हैं और घटनास्थल से दो ऑटोमेटिक हथियार (AK-47) बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ जारी है और पृथक जानकारी अलग से साझा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में बड़े लीडरों में से एक पापाराव और दिलीप वेंडजा की भी शामिल होने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
नेशनल पार्क क्षेत्र की खासियत यह वही क्षेत्र है जहां पिछले कुछ समय में सुरक्षाबलों ने कई बड़े नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 8 लाख इनामी स्नाइपर और डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना, पापाराव की पत्नी डीवीसीएम उर्मीला जैसे कैडर शामिल हैं। हाल ही में इस इलाके के कुछ सक्रिय नक्सलियों ने सरेंडर भी किया था।
यह कार्रवाई नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि बाकी नक्सलियों को भी घेर लिया जा सके।