जगदलपुर। बस्तर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर जान ले ली। शुक्रवार को जगदलपुर–चित्रकोट मार्ग के टकरागुड़ा के पास एक टाटा मैजिक वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरएसएस बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालु राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा मैजिक तेज रफ्तार में आ रही थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर तक उछलकर गिरे। सुकालु राम बघेल को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। सुकालु राम बघेल बस्तर संभाग में RSS के सक्रिय कार्यकर्ता और विभाग संघचालक थे। उनकी अचानक मौत से संगठन और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे ने एक बार फिर NH पर तेज वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा के मुद्दे को उजागर कर दिया है। परिवार और स्थानीय लोग हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने वाहन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।