टाटा मोटर्स डीलरशिप में पूर्व मैनेजर ने की 70 लाख की हेराफेरी, ऑडिट में खुलासा होने पर फरार

रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में स्थित टाटा मोटर्स की ट्रक डीलरशिप रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में आंतरिक ऑडिट के दौरान बड़ा वित्तीय घपला उजागर हुआ है। पूर्व मैनेजर ने पार्ट्स की बिलिंग में फर्जीवाड़ा कर पांच सालों में 70 लाख रुपये से ज्यादा की रकम गबन कर ली। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया। कंपनी के जनरल मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंपनी के जनरल मैनेजर (पार्ट्स) केतन चौधरी ने पुलिस को बताया कि बिरगांव-धनेली स्थित फर्म में मुनीर अहमद मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसे पार्ट्स की बिक्री और निकासी का दायित्व सौंपा गया था। वर्ष 2020 से 2025 तक मुनीर ने बिलिंग में हेराफेरी कर 70 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़प ली।

आंतरिक ऑडिट में गबन का पता चलने पर मुनीर ने ऑफिस आना छोड़ दिया। कंपनी डायरेक्टर के आदेश पर केतन चौधरी ने खमतराई थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मुनीर अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। गबन की सटीक राशि की गणना और आरोपी की भूमिका की तहकीकात हो रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *