रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) की 2018 भर्ती प्रक्रिया में शामिल वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी अब हताशा के हद तक पहुंच चुके हैं। कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण संघर्ष कर रहे इन अभ्यर्थियों ने एक बार फिर सड़कों पर उतरकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। वे गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और वेटिंग लिस्ट क्लियर करने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 2018 में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया के बाद अब तक उनकी वेटिंग लिस्ट क्लियर नहीं की गई, जिससे उनका पूरा भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर से वे धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अभ्यर्थियों ने कई बार ज्ञापन सौंपे, अधिकारियों से मुलाकात की और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी और उनके परिजन बताते हैं कि लंबे समय से चले आ रहे इंतजार और अनिश्चितता के कारण मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। परिवारजन भी धरने में शामिल हैं और कहते हैं कि वर्षों से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं का जीवन ठप हो चुका है। नियमों के अनुसार वेटिंग लिस्ट अब तक क्लियर हो जानी चाहिए थी और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल जानी चाहिए थी।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि सरकार जल्द से जल्द वेटिंग लिस्ट क्लियर करे और पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति दे, ताकि उनके वर्षों के इंतजार का अंत हो सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।