कोंडागांव। छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ, सेजेस दहींकोंगा के समस्त शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी के माध्यम से दिया गया।
ज्ञापन में संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के नियमितीकरण, सेवा-सुरक्षा, वेतन विसंगति का निराकरण, कार्यस्थल की स्थिरता सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद संविदा शिक्षकों को स्थायित्व और समुचित अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।
यह कार्यक्रम बस्तर संभाग सचिव प्रकाश राव के नेतृत्व में शांतिपूर्ण, संगठित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने राज्य सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर संविदा शिक्षकों को न्याय देने की अपील की।