दलपत सागर में दीपोत्सव की तैयारियां तेज, सफाई के लिए बढ़े सैकड़ों हाथ

0 एक दीया स्वच्छता के नाम अभियान में उमड़ी भीड़ 

जगदलपुर। नगर के ऐतिहासिक दलपत सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम और शहरवासियों द्वारा चलाया जा रहा सफाई अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। आगामी 23 जनवरी को दलपत सागर में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
कड़ाके की ठंड के बावजूद में युवाओं के जोश में कोई कमी नजर नहीं आई। सुबह 8 बजे से सफाई अभियान की शुरुआत हुई। इस बार अभियान में गेलवे सेल्स की पूरी टीम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं की इस टीम ने न केवल श्रमदान किया, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। अभियान के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, सभापति लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता एवं संग्राम सिंह राणा विशेष रूप से मौजूद रहे।जनप्रतिनिधियों ने स्वयं फावड़ा और टोकरी उठाकर सागर तट की सफाई की। इस दौरान निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने श्रमदान एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

लक्ष्मण झा की अपील
नगर निगम के स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा ने कहा कि दलपत सागर हमारी धरोहर है। 23 जनवरी को यहां होने वाला दीपोत्सव ऐतिहासिक होगा, जिसके लिए निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आज गेलवे सेल्स की टीम और समाजसेवियों की भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि पूरा शहर दलपत सागर के प्रति संवेदनशील है। लक्ष्मण झा ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे हर शनिवार को इस अभियान से जुड़ें और दलपत सागर को सुंदर बनाने में योगदान दें।स्वच्छता श्रमदान में हरीश पारेख, पारुल बोथरा, विधु शेखर झा, राम नरेश पांडे, धीरज कश्यप, सुलता महाराणा, एचवाई कुकड़े, रोशन झा, रामेश्वर पांडे, ज्योति पटवा, स्वाति पाठक, मोनू सिंह, नवीन बोथरा, शशि नाथ पाठक, कलविंदर सिंह ,अजय पाल सिंह, रतन व्यास, मनीष सिसोदिया सिकंदर दास, प्रेम सेठिया गोपाल भारद्वाज शामिल हुए।

पर्यटन स्थल बनाना चाहते हैं मेयर पांडे
बता दें कि दलपत सागर जलाशय जगदलपुर की प्रमुख विरासतों में शुमार है। महापौर चुने जाने के बाद से ही संजय पाण्डेय दलपत सागर के साथ ही प्राचीन स्मारकों और राजाओं के समाधि स्थलों को सहेजने संवारने के लिए अथक प्रयास करते आए हैं। दलपत सागर को जलकुंभी और गाद से मुक्त कर साफ सुथरा बनाने के लिए मेयर संजय पाण्डेय ने जो प्रयास किए हैं, वे किसी से छुपे नहीं हैं। महापौर दलपत सागर को सैरगाह और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहते हैं। महापौर की इसी सोच को साकार करने नगर के भाजपाई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी संगठनों के लोग दलपत सागर की सफाई के लिए श्रमदान करते आ रहे हैं। दलपत सागर की सफाई के लिए श्रमदान की शुरुआत महापौर संजय पाण्डेय और उनकी टीम ने ही की थी, जो अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। मेयर संजय पाण्डेय का यह प्रयास शहर के लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *