बालोद। छत्तीसगढ़ में बालोद में आयोजित राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के दौरान भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रदेश अध्यक्ष पद पर चले विवाद पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सुलह का रुख अपनाया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल की नाराजगी पर मंत्री यादव ने उन्हें बड़ा भाई बताते हुए कहा कि वे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर पूरा मामला सुलझा लेंगे।
मंत्री गजेंद्र यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा बृजमोहन अग्रवाल मेरे बड़े भाई जैसे हैं। अगर वे अध्यक्ष पद को लेकर नाराज हैं तो मैं उनसे सीधे बात करूंगा। वे अभी दिल्ली में हैं, रायपुर लौटते ही मुलाकात होगी और आपसी समझ से विवाद खत्म कर देंगे।
गौरतलब है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दावा किया था कि वे संगठन के वैधानिक प्रदेश अध्यक्ष हैं और बिना उन्हें हटाए नए अध्यक्ष की घोषणा नियमों के विरुद्ध है। इस मुद्दे पर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। वहीं कांग्रेस ने जंबूरी आयोजन में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस पर मंत्री यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स की कार्यप्रणाली और नियम अलग हैं। कांग्रेस बिना जानकारी के अनावश्यक आरोप लगा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देशभर से हजारों बच्चे इस जंबूरी में शामिल हुए हैं, ऐसे में इस तरह का विवाद पैदा करना उचित नहीं है। मंत्री ने दोहराया कि यह मामला संगठन और व्यक्तिगत रिश्तों का है, जिसे बातचीत से आसानी से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने बृजमोहन अग्रवाल को परिवार का वरिष्ठ सदस्य बताते हुए जल्द मुलाकात का भरोसा दिया।