VB-G RAM G योजना पर कांग्रेस के विरोध को लेकर मंत्री रामविचार नेताम का तंज, सचिन पायलट के दौरे को बताया ‘सैर-सपाटा’

रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को संशोधित कर विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन के लिए गारंटी (VB-G RAM G) बनाने के फैसले का कांग्रेस देशभर में विरोध कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज एक दिवसीय दौरे पर रायपुर आ रहे हैं। उनके दौरे पर मंत्री रामविचार नेताम ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विपक्ष में है, इसलिए बैठक करने का उसे पूरा अधिकार है, लेकिन इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की कोशिश में वह सफल नहीं होगी। “सचिन पायलट सैर-सपाटा करके चले जाएंगे, ईंधन की कमी होगी तो भरकर चले जाएंगे।”

सचिन पायलट आज दोपहर 12:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे नव-नियुक्त जिला अध्यक्षों से चर्चा होगी। इन बैठकों में मनरेगा बचाओ संग्राम आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। पायलट शाम 5:55 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मंत्री रामविचार नेताम ने VB-G RAM G योजना का बचाव करते हुए कहा कि इससे श्रमिक वर्ग को अधिक लाभ मिलेगा। पहले जिन कार्यों को योजना में शामिल नहीं किया जा सकता था, उन्हें अब जोड़ा गया है। सरकार पूरी कार्ययोजना के साथ काम कर रही है।

धान खरीदी पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि इस बार खरीदी पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से चल रही है। जहां भी समस्याएं सामने आ रही हैं, अधिकारियों द्वारा तुरंत समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी दिक्कतों को 15 जनवरी तक दूर करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) बनाए जाने पर मंत्री नेताम ने तंज कसा कि “जहां उनके पांव पड़ते हैं, वहां सफाया हो जाता है। असम में भी यही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *