यातायात सुरक्षा के लिए हेलमेट जागरूकता रैली, स्वास्थ्य मंत्री ने मंत्री को पहनाया हेलमेट

बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बलौदाबाजार जिले में एक भव्य हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने उपस्थित लोगों को यातायात सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का मजबूत संदेश दिया। रैली में कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल रहे। एसपी कार्यालय पहुंचने पर स्कूली बच्चों ने गुलाब के फूल देकर मंत्रियों का जोरदार स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अधिकांश सड़क हादसों में मौत का मुख्य कारण सिर में गंभीर चोट लगना होता है। उन्होंने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। मंत्री ने जोर देकर कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग न केवल अपनी जान बचाता है, बल्कि परिवार की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा, “सड़क दुर्घटना में किसी की मौत होने से परिवार को तो गहरा आघात पहुंचता ही है, साथ ही शासन-प्रशासन को भी दुख होता है। इसलिए हर नागरिक को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। यह रैली जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य हेलमेट और सीटबेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देना तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने इसे और प्रभावशाली बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *