मोपका बिजली सब-स्टेशन में लगी भीषण आग, काले धुएं का गुबार दूर तक दिखा; फायर ब्रिगेड की टीम जुटी काबू पाने में

बिलासपुर। शहर के मोपका क्षेत्र स्थित बिजली सब-स्टेशन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही सब-स्टेशन से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जो काफी दूर तक नजर आ रहा था। इस घटना से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का व्यापक प्रयास शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई है। बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

फायर ब्रिगेड की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत है। आग बुझाने के बाद सब-स्टेशन की क्षति का आकलन किया जाएगा और बिजली बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *