भूपेश बघेल ने जेल में कवासी लखमा से की मुलाकात, BJP और केंद्र सरकार पर साधा निशाना; बोले- गांधी को बर्दाश्त नहीं कर पाती BJP

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सेंट्रल जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्रीय एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। भूपेश बघेल ने कहा कि आज BJP के मंत्री और नेता गलती से भी सच बोल रहे हैं। निर्दोष कवासी लखमा को ED और EOW ने एक साल से जेल में बंद रखा है, जबकि BJP के नेता खुद मान रहे हैं कि वह निर्दोष हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर लखमा निर्दोष हैं तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों की गई? FIR क्यों दर्ज हुई?

पूर्व CM ने BJP के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें कहा गया था कि बेटे को छुड़ा लिया गया। बघेल ने कहा, “मेरा बस चलता तो वह जेल क्यों जाता? ED ने अब तक कवासी लखमा के दिए जवाबों पर रिप्लाई फाइल तक नहीं किया है। BJP वाले घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें।”
VB-G RAM G को लेकर चल रहे सियासी विवाद पर भी भूपेश बघेल ने BJP को घेरा। उन्होंने कहा कि BJP महात्मा गांधी को बर्दाश्त नहीं कर पाती। मनरेगा का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना केंद्र की 90 प्रतिशत और राज्य की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली थी, लेकिन पिछले दो सालों में BJP सरकार ने एक भी काम स्वीकृत नहीं किया।

एक कहावत का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा, “जितनी चाबी भरी राम ने, उतना चले खिलौना।” उनका इशारा केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को नियंत्रित करने की कोशिशों की तरफ था। उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। दुनिया के 88 देशों में गांधी जी की प्रतिमाएं लगी हैं। क्या किसी एक देश में भी सावरकर की प्रतिमा लगी है? अगर है तो BJP बताए। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब-जब दुनिया के राष्ट्राध्यक्ष भारत आते हैं, वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हैं, लेकिन सावरकर की समाधि पर कोई नहीं जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *