नक्सलियों के लगाये प्रेशर IED विस्फोट में 15 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल, दोनों पैरों में लगी गहरी चोटें

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों की कायरतापूर्ण कार्रवाई एक बार फिर उजागर हुई है। कोरचोली नदीपारा गांव का 15 वर्षीय बालक राम पोटाम नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर IED विस्फोट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैरों में गहरी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, राम पोटाम (पिता स्व. लच्छु पोटाम) मंगलवार सुबह लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र में घूमने गया था। तभी माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर IED में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना सुरक्षा बलों को दी।

सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 222 बटालियन के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल बालक को रेस्क्यू कर कोरचोली कैंप लाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर देखते हुए उसे आगे के बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर कर दिया गया है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल निरंतर सघन सर्चिंग ऑपरेशन चला रहे हैं और माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए IED को खोजकर निष्क्रिय कर रहे हैं, ताकि आम ग्रामीणों और जवानों की जान को खतरा न हो। बावजूद इसके नक्सली जंगलों और गांवों के आसपास बड़ी संख्या में IED बिछा रहे हैं। इनकी चपेट में आकर अब तक कई निर्दोष ग्रामीण और सुरक्षाबल के जवान घायल तथा शहीद हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *