बालोद। जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के सहगांव स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर पालकों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। स्कूल में मात्र एक शिक्षक होने के कारण 64 बच्चों की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उसी पर है, जिससे नाराज पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और बच्चों के साथ मिलकर मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पालकों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को शिक्षकों की कमी की शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि एकल शिक्षक सभी कक्षाओं को संभालने में असमर्थ है, जिससे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
धरने में शामिल बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ स्कूल गेट पर बैठे हुए हैं, जिसके चलते स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह ठप पड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन पालक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं।
पालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक स्कूल नहीं खोला जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की कमियों की पोल एक बार फिर खुल गई है।