किसान की आड़ में धान का खेल करते पकड़ा गया व्यापारी

0  एसडीएम मनीष वर्मा ने पकड़ लिया रंगेहाथ 

बकावंड। बस्तर कलेक्टर हरिस एस के निर्देश पर अवैध धान परिवहन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सोमवार को बकावंड के अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा ने बड़ी कार्रवाई की। 29 दिसंबर को धान उपार्जन केंद्र करपावंड के औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने व्यापारी और किसान की मिलीभगत से चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया, जिसमें किसान के टोकन पर व्यापारी का धान खपाने का प्रयास किया जा रहा था।
मामले की जांच में यह खुलासा हुआ कि जिस टोकन पर धान बेचा जा रहा था, वह कृषक उपेंद्र भारती पिता अर्जुन भारती के नाम पर था। जमीनी हकीकत यह थी कि कृषक उपेंद्र भारती आजीविका के सिलसिले में हैदराबाद में निवासरत है और उनकी जमीन पर खेती उसका भाई लखीधर भारती द्वारा की जा रही है। लखीधर ने अपनी उपज के लिए 182 क्विंटल का टोकन कटवाया था, लेकिन खेत में वास्तविक उत्पादन केवल 100 क्विंटल ही हुआ। टोकन में बचे 80 क्विंटल के अंतर का गलत फायदा उठाने के लिए व्यापारी राजेश गुप्ता ने साजिश रची। व्यापारी ने मंडी करपावंड से ही धान अपने दो वाहन क्रमांक सीजी 17 केवाय 7204 और सीजी 17 केजे 9389 में लोड करवाया और ड्राइवरों के हाथ में उपेंद्र भारती के टोकन की फोटोकॉपी थमाकर उन्हें उपार्जन केंद्र भेज दिया।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो ड्राइवर और किसान के भाई ने पूरा सच स्वीकार कर लिया। उनकी स्वीकारोक्ति के बाद एसडीएम मनीष वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध धान से भरे दोनों वाहनों को जप्त कर लिया। और उन्हें वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना करपावंड के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध धान बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *