कौडावंड में श्रद्धा के साथ मनाया गया शक्ति दिवस

०  हल्बा समाज के लोगों ने निभाई उत्कृष्ट परंपरा 
बकावंड। विकासखंड बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत कौडावंड में शुक्रवार को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शक्ति दिवस श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के साथ हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। उल्लेखनीय है कि हर साल 26 दिसंबर को शक्ति दिवस मनाया जाता है इस दिन हल्बा समाज अपनी आराध्य शक्ति स्वरूपा देवी की विशेष करता है।
इस पावन अवसर पर गढ़ जैतगिरी में क्षेत्र के सभी पाली ग्रामों के सगा बिरादर गंगा एकत्रित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गेंदसिंह भाऊ नायक की छत्रछाया में विधिवत झंडा फहराकर किया गया। झंडा वंदन के साथ ही शक्ति स्वरूप की आराधना कर समाज की खुशहाली, एकता व उन्नति की कामना की गई। शक्ति दिवस के इस आयोजन में गांव-गांव से पहुंचे हल्बा समाज के सगा बिरादरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सामाजिक परंपराओं का पालन करते हुए सभी ने अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और समाज की एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना, सामाजिक चर्चा एवं आपसी मेल-मिलाप का दौर चलता रहा। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शक्ति दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला सांस्कृतिक और सामाजिक उत्सव है, जो नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, अनुशासन और संगठन की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में समस्त हल्बा समाज के लोगों की जबरदस्त उपस्थिति रही। अंत में समाज की सुख शांति और प्रगति की कामना के साथ शक्ति दिवस समारोह का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *