बकावंड में उत्साह के साथ मनाया गया क्रिसमस, निकली भव्य रैली

बकावंड। विकासखंड मुख्यालय बकावंड के मुंडापारा में क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मसीह समाज द्वारा भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन किया गया। रैली मुंडापारा स्थित चर्च से प्रारंभ होकर इमानुएल चर्च होती हुई ब्लॉक कॉलोनी तक निकाली गई।
रैली में शामिल मसीही समाज के लोग बाजे गाजे के साथ नाचते-गाते, प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशियां मनाते हुए आगे बढ़ते रहे। हैप्पी क्रिसमस, मैरी क्रिसमस के नारों और बधाई संदेशों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। समाज के लोगों ने गीत-संगीत के माध्यम से प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। रैली के दौरान प्रभु यीशु मसीह के जन्म से जुड़ी शिक्षाओं और उनके उपदेशों को आमजन तक पहुंचाया गया। मसीही समाज के लोगों ने घर-घर जाकर लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश फैलाया। स्थानीय पास्टरों ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु मसीह का जीवन प्रेम, सेवा और मानवता का प्रतीक है, जिन्हें अपनाकर समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखा जा सकता है। क्रिसमस रैली में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *