बीजापुर में CBI का बड़ा ऑपरेशन, ताज होटल में रंगे हाथ चार रिश्वतखोर गिरफ्तार

० डाक विभाग के SDI समेत चार कर्मचारी 40 हजार की रिश्वत लेते दबोचे गए

बीजापुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बीजापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ताज होटल में छापा मारकर डाक विभाग से जुड़े चार कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बीती रात करीब 8.30 बजे की गई, जिसमें CBI ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए।

CBI के शिकंजे में आए आरोपियों में पोस्ट ऑफिस सब-डिवीजन इंस्पेक्टर (SDI) शास्त्री कुमार पैंकरा के अलावा मलोत शोभन, अंबेडकर सिंह और संतोष एंड्रिक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम होटल में ही लेन-देन के दौरान दी जा रही थी, तभी CBI की टीम ने जाल बिछाकर चारों को पकड़ लिया।

छापेमारी के बाद CBI टीम सभी आरोपियों को अपने साथ लेकर गई है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में डाक विभाग से जुड़े अन्य कर्मचारियों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

CBI की इस कार्रवाई से न केवल डाक विभाग बल्कि पूरे बीजापुर शहर में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *