शासन की त्वरित पहल से सुकमा के किसानों को बड़ी राहत

0  बढ़ी धान खरीदी लिमिट, किसानों में खुशी की लहर 

सुकमा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन तथा सहकारिता मंत्री एवं सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की तत्परता का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सुकमा जिले के किसानों के हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए राज्य सरकार ने जिले के 25 धान उपार्जन केंद्रों में प्रतिदिन की धान खरीदी लिमिट में उल्लेखनीय वृद्धि कर दी है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पहले जहां जिले में प्रतिदिन 15102 क्विंटल धान खरीदी की सीमा निर्धारित थी, वहीं अब शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के पश्चात इसे बढ़ाकर 51800 क्विंटल प्रतिदिन कर दिया गया है। इस निर्णय से जिले के अधिक से अधिक किसानों को समय पर अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा और लंबी कतारों व प्रतीक्षा की समस्या से भी राहत मिलेगी। इस संबंध में 9 दिसंबर को कलेक्टर द्वारा राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बीते तीन दिनों से सॉफ्टवेयर अपडेट की प्रक्रिया चल रही थी। अपडेट पूर्ण होते ही बढ़ी हुई लिमिट को प्रभावी कर दिया गया है। जिला खाद्य अधिकारी रवि कोमरा ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीदी लिमिट बढ़ने से उपार्जन कार्य में तेजी आएगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ किसानों का रकबा एग्रीस्टेक में कम प्रदर्शित हो रहा था, जिसे लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। इसमें आवश्यक संशोधन एवं भौतिक सत्यापन पीव्ही एप के माध्यम से सुधार हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया गया है, जिसका शीघ्र निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर अमित कुमार लगातार धान खरीदी व्यवस्था पर निगरानी रख रहे हैं और किसानों के हित में त्वरित निर्णय सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रशासन की इस सक्रियता और संवेदनशील कदम से जिले के किसानों में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *