सुकमा के जंगल में नक्सलियों की अवैध हथियार फैक्टरी ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के मीनागट्टा क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा संचालित अवैध हथियार निर्माण फैक्टरी को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में हथियार, विस्फोटक सामग्री और हथियार निर्माण से जुड़े कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत 21 दिसंबर को सीआरपीएफ की 150 बटालियन की जी/एफ कंपनी और जिला पुलिस सुकमा की संयुक्त टीम ने सटीक खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान जंगल के भीतर छिपाकर बनाई गई नक्सलियों की ऑर्डिनेंस फैक्टरी का पता लगाकर उसे निष्क्रिय कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नक्सली इस फैक्टरी के जरिए क्षेत्र में अवैध हथियार और विस्फोटक तैयार कर सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे। सुरक्षाबलों की त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की इस मंशा पर पानी फिर गया।

कार्रवाई के दौरान मौके से 8 सिंगल शॉट राइफल, 15 नग 12 बोर कारतूस, 5 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 30 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 30 मीटर सेफ्टी फ्यूज, 2 किलो पीईके विस्फोटक, 1 किलो एएनएफओ विस्फोटक, 10 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 8 वायरलेस वीएचएफ सेट, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, हथियार निर्माण के उपकरण, गन पार्ट्स, नक्सली वर्दी, वर्दी निर्माण सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।

लगातार चल रहे समन्वित एंटी नक्सल ऑपरेशन के चलते सुकमा जिले में माओवादी नेटवर्क पर भारी दबाव बना हुआ है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक जिले में 599 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, 460 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 71 माओवादी मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से शेष बचे नक्सलियों की गतिविधियां भी सीमित होती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *