CAF कैंप में साथी जवान की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के घाघरा गांव स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) बटालियन कैंप में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। कैंप में तैनात एक जवान ने अपने ही साथी जवान पर सर्विस राइफल से गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक गहरी नींद में सो रहा था, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। मृतक जवान की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है। वह घाघरा स्थित CAF बटालियन कैंप में पदस्थ था।

सूत्रों के अनुसार, सोनवीर की उसी कैंप में तैनात अरविंद गौतम से लंबे समय से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते अरविंद ने यह कदम उठाया। गोली सोनवीर के हाथ को चीरते हुए गाल में लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। अन्य जवानों ने घायल सोनवीर को तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी की जाएगी। पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर लिया है और उसे गातापार थाने में रखा गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसमें रंजिश की वजह और अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *