व्याख्याताओं को दिया गया पांच दिवसीय प्रशिक्षण

जगदलपुर। हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूलों के व्याख्याताओं के लिए विषय आधारित ब्लूप्रिंट, प्रश्न पत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र पर केंद्रित पांच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण का आयोजन 17 से 21 दिसंबर तक जगतू माहरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। प्रारंभिक सत्र में बस्तर डाइट के उप प्राचार्य नितिन डड़सेना ने व्याख्यान देते हुए वर्तमान समय में प्रश्न पत्रों में हो रहे बदलाव, ब्लूप्रिंट एवं ब्लूम टैक्सनॉमी की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र निर्माण की दक्षता प्रत्येक शिक्षक में होना आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जा सके। इस अवसर पर जगतू माहरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य बीएस रामकुमार ने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होती है तथा सभी शिक्षकों को इनका लाभ लेना चाहिए। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी की भी उपस्थिति रही। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में जगदलपुर विकासखंड के गणित, भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान विषय के व्याख्याताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रश्न पत्र निर्माण, शिक्षण शास्त्र, ब्लूम टैक्सनॉमी, मानसिक स्वास्थ्य, सीखने के अवसर एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी 2020) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। सभी व्याख्याताओं ने अपने-अपने विषयों में प्रश्न पत्र निर्माण की बारीकियों को व्यावहारिक रूप से सीखा।
प्रशिक्षण सत्रों में शाहिद जुबेर, निवेदिता लाल, हरिकृष्ण मंडन, मनीष अहीर तथा सचिन करेकर ने प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता करते हुए प्रश्न पत्र निर्माण की प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी सावधानियों से प्रशिक्षार्थियों को अवगत कराया। समापन अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने व्याख्याताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर बस्तर की महत्वाकांक्षी योजना मिशन 200 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा हेतु उचित मार्गदर्शन देकर प्रावीण्य सूची में स्थान दिलाने के लिए सभी शिक्षकों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
समापन सत्र में मनीष ठाकुर सहित अन्य शिक्षक, शिक्षिकाओं ने भी विचार व्यक्त किए। प्रशिक्षण का समापन उत्साह एवं सकारात्मक संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *