ओडिशा से खपाने बस्तर लाया जा रहा 100 बोरी अवैध धान जप्त

0 नानगुर में प्रशासन ने किया धान और ट्रक जप्त

जगदलपुर। धान खरीदी के सीजन में बिचैलियों द्वारा पड़ोसी राज्यों से अवैध धान खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन की इसी सतर्कता के चलते शुक्रवार सुबह तहसील नानगुर में एक बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ओडिशा के चांदली से आ रहे धान के अवैध परिवहन के विरूद्ध कार्रवाई की।
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासन को सूचना मिली थी कि सीमावर्ती रास्ते से अवैध धान की खेप लाई जा रही है। मुस्तैदी दिखाते हुए जांच दल ने नाकेबंदी की और संदेह के आधार पर मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 06 एम 0155 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उस पर लगभग 100 बोरी धान लदा पाया गया। जब वाहन चालक से इस धान के परिवहन और खरीदी संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। यह स्पष्ट होते ही कि धान अवैध रूप से पड़ोसी राज्य से लाया गया है, टीम ने तत्काल मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान और वाहन को जप्त कर लिया तथा उसे अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु नानगुर थाना के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाले दल में नायब तहसीलदार लखीराम पांडे, रोहन कुमार बीसी और डोमन लाल प्रमुख रूप से शामिल थे। उनके साथ मंडी निरीक्षक बीके दिल्लीवार तथा पटवारी शंकर बैद, सोमेश नागेश और दिनेश सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस अवैध परिवहन को पकड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी सख्ती आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *