बीजापुर में नक्सलियों पर दबाव, भैरामगढ़–इंद्रावती के जंगलों में DRG का बड़ा ऑपरेशन, दूसरे दिन भी जारी मुठभेड़

बीजापुर। नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। सुकमा के बाद अब बीजापुर जिले के भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों को घेर लिया गया है। लगातार दूसरे दिन डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। शुक्रवार की सुबह से जवानों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी जारी है।

जानकारी के अनुसार, भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर बीजापुर से डीआरजी जवानों की टीम को रवाना किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से आमना-सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई, जो शुक्रवार सुबह से जारी है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार को गोलापल्ली के जंगलों में भी डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए नक्सलियों में माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत (एरिया कमेटी मेंबर, किस्टाराम एरिया कमेटी), सोधी बंदी (एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी) और नुप्पो बाजनी (महिला एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी) शामिल हैं।

फिलहाल भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च अभियान को और तेज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *