तिल्दा में युवक की चाकू गोदकर हत्या: रेत के ढेर पर मिला खून से लथपथ शव, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे तिल्दा थाना क्षेत्र में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना वार्ड क्रमांक 15 की है, जहां रेत के ढेर पर युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के पेट और सीने पर कई गंभीर चोट के निशान थे, जिससे प्रारंभिक जांच में चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।

मृतक की पहचान ललित यादव, निवासी नेवरा के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। इलाके में वारदात से दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *