विधानसभा में सैनेटरी नैपकिन मशीनों पर घमासान, आधी से ज्यादा खराब होने का खुलासा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन स्कूल-कॉलेजों में लगाए गए सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और इस्तेमाल के बाद निस्तारण के लिए लगाई गई इंसीनरेटर मशीनों का मुद्दा सदन में जोरशोर से उठा। भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने इन मशीनों की कार्यशीलता पर सवाल खड़े करते हुए सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

धरमलाल कौशिक ने कहा कि कई स्कूलों में लगाई गई मशीनें या तो बंद पड़ी हैं या सही तरीके से काम नहीं कर रही हैं। उन्होंने पूछा कि मशीनें किस एजेंसी ने, किस तारीख को और किन मानकों पर लगाई थीं, इसका स्पष्ट ब्यौरा सरकार के पास क्यों नहीं है।

विधायक के सवालों से घिरी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सदन में स्वीकार किया कि कुल मशीनों में से बड़ी संख्या में मशीनें खराब हैं। मंत्री के मुताबिक करीब 1600 मशीनें चालू हालत में हैं, जबकि लगभग 1300 मशीनें खराब पाई गई हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल विभाग के पास मशीनों की स्थिति को लेकर पूरी और अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं है।

इस पर धरमलाल कौशिक ने अपने क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि कम से कम उनके विधानसभा क्षेत्र के दो स्कूलों में तत्काल जांच कराई जाए, ताकि हकीकत सामने आ सके। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *