शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन हंगामे के आसार: ‘विजन 2047’ पर कांग्रेस का बहिष्कार, सदन में तीखी बहस तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से नवनिर्मित विधानसभा भवन में शुरू हो रहा है, जो 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। चार दिवसीय इस सत्र में पहले ही दिन से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के संकेत हैं। आज सदन में ‘विजन 2047’ विषय पर चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन कांग्रेस ने इस चर्चा से बाहर रहने और पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

सत्र के दौरान कुल 4 बैठकें होंगी। विधानसभा को 628 प्रश्नों की सूचना मिली है, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण, एक लोक महत्व का विषय, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल, और 77 याचिकाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।

16 दिसंबर को अनुपूरक मांगों पर चर्चा होगी। वहीं छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय) संशोधन विधेयक, 2025 (क्रमांक 28/2025) को विधानसभा में पारित किया जाएगा। विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी पटल पर रखे जाएंगे।

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में रणनीति तय की गई। बैठक के बाद कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह ‘विजन 2047’ पर चर्चा में भाग नहीं लेगी और सत्र के पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करेगी। इससे शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *