कवर्धा। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहित महिला का सड़ा-गला शव घर के ही सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। मृतका की पहचान कमानी निषाद (उम्र करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने महज कुछ महीने पहले लव मैरिज कर भेजराज पटेल से शादी की थी।
परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले भेजराज ने लोहारा थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीते कुछ दिनों से घर से तेज बदबू आने की शिकायत के बाद ग्रामीणों को शक हुआ। सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक खुलवाया, जहां कमानी का शव मिला।
ग्रामीणों और मृतका के मायके वालों ने सीधा आरोप ससुर जहर पटेल पर लगाया है। उनका कहना है कि कमानी को दहेज और अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। फिलहाल पुलिस ने ससुराल के सभी सदस्यों को हिरासत में ले लिया है और कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीओपी लोहारा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।