
कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। बुधवार को छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा (गढ़चिरौली) से कांकेर तक कुल 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन सभी पर 1 करोड़ से अधिक का इनाम घोषित था। इनमें कुख्यात नक्सली विनोद सैयाना भी शामिल हैं।
गढ़चिरौली के पखांजूर क्षेत्र में 11 नक्सलियों ने महाराष्ट्र डीजी रश्मि शुक्ला के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर कुल 89 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान उन्होंने चार हथियार भी पुलिस को सौंपे। विनोद सैयाना पर 25 लाख रुपये का इनाम था। ये सभी नक्सली लंबे समय से छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर सक्रिय थे।
कांकेर में भी पुलिस को सफलता मिली, जहां चार नक्सलियों ने एसपी आईके एलेसेला के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं। इन चारों में कंपनी नंबर 10 का एक सक्रिय सदस्य और महिला नक्सली मदनवाड़ा नक्सली हमले में शामिल थी, जिसमें एसपी विनोद चौबे शहीद हुए थे। आत्मसमर्पण के दौरान, पुलिस ने पुनर्वास नीति के तहत सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।