इंडिगो को कानूनी नोटिस, यात्रियों के लिए 10 गुना मुआवजे की मांग; रायपुर से मुंबई सहित 4 फ्लाइटें रद्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने IndiGo एयरलाइंस को कानूनी नोटिस भेजते हुए पीड़ित यात्रियों को टिकट मूल्य का 10 गुना मुआवजा देने की मांग की है। मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई है, जिसमें इंडिगो पर करीब 9000 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की मांग की गई है।

उधर मंगलवार सुबह 9 बजे रायपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली एक-एक फ्लाइट भी कैंसिल हो गई है। कुल मिलाकर आज रायपुर एयरपोर्ट से जुड़ी चार उड़ानें रद्द हुई हैं। प्रशासन की ओर से यह भी आशंका जताई गई है कि दिनभर में और फ्लाइटें रद्द, डायवर्ट या डिले हो सकती हैं।

फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ देखी जा रही है। इससे पहले सोमवार को रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की कुल 8 फ्लाइट्स रद्द की गई थीं, जिनमें मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, भोपाल, कोलकाता और दिल्ली जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।

जानकारी के मुताबिक बीते चार दिनों में इंडिगो ने रायपुर से उड़ान भरने वाली कुल 64 फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। वहीं देशभर में पिछले पांच दिनों के भीतर 3 हजार से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।

यात्रियों का आरोप है कि उन्हें न तो इंडिगो एयरलाइंस और न ही Airport Authority of India की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। रायपुर एयरपोर्ट डायरेक्टर के.के. लहरे पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *