बिलासपुर। सरकारी राशन वितरण में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने, ई-केवाईसी अद्यतन न करने और अन्य अनियमितताओं के चलते एसडीएम ने कोटा ब्लॉक के पुडु व मिट्ठू नवागांव तथा तखतपुर क्षेत्र की जरौंधा शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निलंबित कर दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पुडु दुकान में उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी नहीं कराया गया था, अक्टूबर माह का डीडी जमा नहीं हुआ था और धान खरीदी के लिए आवश्यक पीडीएस बारदाना भी उपलब्ध नहीं कराया गया था। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसी प्रकार, मिट्ठू नवागांव और जरौंधा की दुकानों में भी निर्धारित समय सीमा के भीतर खाद्यान्न वितरण पूरा नहीं किया गया और उपभोक्ताओं के केवाईसी अपडेट करने में उदासीनता बरती गई। लगातार निर्देशों के बावजूद सुधार न लाने पर दोनों दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उचित मूल्य दुकान संचालकों की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित खाद्य निरीक्षकों को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और जांच रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।