
0 दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय में मनाया गया दिव्यांगजन दिवस
जगदलपुर। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर आज छत्तीसगढ़ समाज कल्याण विभाग द्वारा आड़ावाल के शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव थे।
किरण सिंह देव ने सभी उपस्थितजनों को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव एवं जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की। तत्पश्चात कार्यक्रम में दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय के बच्चों द्वारा अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस मनाने का उद्देश्य दिव्यांगजन बच्चों एवं बड़ों में आत्मविश्वास व आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। दिव्यांगजन बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती है। बच्चों द्वारा बहुत ही आकर्षक और मनमोहक चित्रकारी का प्रदर्शन किया गया है। श्री देव ने कहा बच्चों को निखारने की आवश्यकता होती है सभी बच्चे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की दक्षता रखते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा आड़ावाल दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासन से राशि स्वीकृति हेतु प्राक्कलन तैयार कर पत्र भेजा गया है। जल्द ही शासन से स्वीकृति प्राप्त होंगी। वहीं किरण देव एवं अतिथियों ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों का ट्राईसाईकिल दौड़ स्पर्धा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। साथ ही विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर संजय पांडे, जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिंदु साहू, जनपद पंचायत सदस्य श्रीति शर्मा, उपेंद्र ठाकुर, संरपंच जंयती कश्यप एवं प्रदीप देवांगन, आर्येंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया, महामंत्री राजेश शर्मा, रूपेश समरथ, गीता महाराणा, सविता साहू, सविता साहनी, गणेश नागवंशी, समाज कल्याण विभाग उपसंचालक श्रीमती लकड़ा, अधीक्षक तारकेश्वर सिन्हा एवं अन्य उपस्थित थे।