NH-53 पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति लगाने पहुंचे किसान मोर्चा के 6 कार्यकर्ता गिरफ्तार,

महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने “छत्तीसगढ़ महतारी” की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। NHAI की जमीन पर अवैध निर्माण और यातायात में बाधा डालने के आरोप में 6 कार्यकर्ताओं को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना शुक्रवार सुबह करणी कृपा प्लांट के सामने की है। हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारी कमलेश पटेल की शिकायत पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और समझाइश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने मूर्ति लगाने की जिद छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद तुमगांव पुलिस ने हस्तक्षेप किया और सभी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285, 3(5) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8B के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार सभी छह कार्यकर्ताओं को न्यायालय में पेश कर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई भी स्थायी या अस्थायी निर्माण बिना अनुमति के पूरी तरह प्रतिबंधित है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि आगे कोई अवरोध न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *