एरिया डॉमिनेशन के दौरान IED ब्लास्ट, महिला आरक्षक घायल — हेलीकॉप्टर से रायपुर रेफ़र

सुकमा। जिले के फूलबगड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा नक्सल घटना सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 नवंबर 2025 को लगभग दोपहर 1:30 बजे जिला पुलिस बल की एक महिला आरक्षक एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर थी, इसी दौरान गोगुंडा क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी में लगाए गए IED विस्फोट की चपेट में आकर घायल हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, धमाके में महिला जवान के पैर में गंभीर चोट आई है। मौके पर मौजूद फोर्स ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा जा रहा है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षाबलों ने सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का अनुमान है कि IED को माओवादियों ने बल की मूवमेंट को निशाना बनाते हुए प्लांट किया था। फूलबगड़ी थाना पुलिस ने माओवादियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द ही पृथक से जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *