उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जन्मदिवस पर चांपी पुलिया के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, अधिकारियों को आवश्यक दिए निर्देश

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज जन्मदिवस पर जनसरोकार के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रतनपुर–कोटा–लोरमी मार्ग पर चांपी नाला में लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। वहीं लोरमी में हाईस्कूल की छात्राओं से आत्मीय भेंट कर सरस्वती साइकिल का वितरण किया। डिंडौरी में 55 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।

श्री साव ने चांपी नाला के निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन कर अधिकारियों से वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। जन्मदिवस के अवसर पर भी विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद एवं विश्वास का संचार किया।

साव ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में गति लाई जाए, निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन हो तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगा। पुल बन जाने से लोगों का आवागमन सुगम होगा, साथ ही आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण से यह महत्वपूर्ण परियोजना शीघ्र ही क्षेत्रवासियों के उपयोग के लिए तैयार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *