जगदलपुर। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार, टाउन हॉल में आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवासों का आवंटन लॉटरी पद्धति से किया गया। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा संचालित पीएम आवास योजना 1.0 के घटक AHP के तहत धरमपुरा (208 यूनिट) और हाटकचोरा (58 यूनिट) में निर्मित आवासीय परिसरों के लिए किराए के मकानों में रह रहे परिवारों से पहले आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
पात्र पाए गए आवेदकों में से 10 प्रतिशत राशि जमा करने वाले परिवारों को बुधवार को लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवास आवंटित किए गए। ‘मोर मकान – मोर आस’ के अंतर्गत कुल 131 हितग्राहियों को लॉटरी के माध्यम से मकान आवंटित किए गए। इसी दौरान ऋण मेला का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में धरमपुरा स्थित मोटरू ब्रदर्स व ऊर्जा प्रॉपर्टी के 208 यूनिट तथा हाटकचोरा स्थित ऊर्जा प्रॉपर्टी के 58 यूनिट के G+3 आवासों को शामिल किया गया था।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद आशा साहू, पारुल बोथर, गायत्री बघेल, उर्मिला यादव, अफरोज़ बेगम, नोडल अधिकारी गोपाल भारद्वाज, सहायक नोडल अधिकारी अमर सिंह, संभागीय कार्यालय के कार्यपालन अभियंता प्रशांत शुक्ला, सीएलटीसी के अतुल कुमार डोंगरे, पंकज आचार्य, ब्रिजेश कपूर, सूरज श्रीवास्तव तथा पीएम आवास योजना शाखा के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापौर ने बताई योजना की विशेषताएँ
महापौर संजय पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। सरकार पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है ताकि वे मजबूत और टिकाऊ मकान बना सकें।
उन्होंने बताया कि आवास निर्माण हेतु स्वीकृत राशि चरणबद्ध किश्तों में जारी की जाती है, जिससे लाभार्थी बिना बाधा अपना घर तैयार कर सकें। सभी लाभार्थियों का चयन सर्वे, दस्तावेज़ सत्यापन और निर्धारित मापदंडों के आधार पर पूर्ण पारदर्शिता से किया जाता है।
गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत
जिन परिवारों के पास पक्का मकान नहीं है या रहने की स्थिति अत्यंत कमजोर है, उनके लिए यह योजना आजीवन स्थिरता प्रदान करती है। नगर निगम क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को प्राथमिकता में सूचीबद्ध कर आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहर के विकास, सामाजिक सुरक्षा और नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।