जहां मारा गया था कुख्यात नक्सली हिड़मा, वहां फिर मारे गए सात नक्सली

० छत्तीसगढ़ के 50 नक्सली आंध्रप्रदेश में गिरफ्तार 
जगदलपुर। बस्तर संभाग की सीमा से लगे आंध्रप्रदेश के उस इलाके में जहां कुख्यात नक्सली हिड़मा मारा गया था, वहीं पर फिर हुई मुठभेड़ में 7 और नक्सलियों के मारे जाने की खबर आई है। वहीं 50 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं।
कल आंध्रप्रदेश के अलग अलग जिलों से गिरफ्तार किए गए छत्तीसगढ़ के लगभग 50 नक्सलियों को आज कोर्ट में पेश पेश किया गया। सभी 50 नक्सलियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे कगार ऑपरेशन से घबरा कर यहां के नक्सली आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और ओड़िशा की ओर शरण लेने भाग रहे हैं, मगर वहां भी मौत और फोर्स उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। नक्सली या तो मारे जा रहे हैं, या फिर फोर्स और पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं।आंध्रप्रदेश पुलिस और ऑक्टोपस फोर्स ने बस्तर के जगरगुंडा, केरलापाल एरिया कमेटियों के कई सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। नक्सलियों की जगरगुंडा एरिया कमेटी का प्रमुख नक्सली कमांडर लखमा, जमीनी स्तर पर वर्षों से सक्रिय नक्सली मदन्ना उर्फ जग्गू दादा, इलाके में चर्चित एरिया कमांडर सोड़ी मनीला आदि खतरनाक श्रेणी के नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। बीते दो दिनों में मोस्ट वांटेड नक्सली माड़वी हिड़मा और उसकी पत्नी राजक्का उर्फ राजे समेत छह नक्सली कल मारे गए थे। इसके बाद आज फिर सात नक्सलियों को मार गिराया गया है। दो दिनों के भीतर नक्सल संगठन को अब तक का सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। सुकमा जिले के सभी प्रमुख नक्सली गिरफ्तार हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *