० कारीगुंडम के जंगलों में हुई डीआरजी से मुठभेड़
जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिलें में डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह सुबह मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में तीन ईनामी नक्सलियों के मारे जाने और मौके से हथियार बरामद होने की खबर है। जंगल में सुरक्षा बलों का सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर निकले डीआरजी टीम के साथ सुबह नक्सलियों की मुठभेड़ हुई है। जिसमें तीन ईनामी माओवादी मारे जाने और मौके से हथियार बरामद होने की सूचना है। खबर की पुष्टि करते हुए एसपी किरण चव्हाण ने कहा कि जवान मौके पर मौजूद हैं और हम उनके संपर्क में हैं। जानकारी के मुताबिक सुकमा जिले के चिंतागुफा और भेज्जी थाना क्षेत्र के कारीगुंडम इलाके में आज सुबह डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जाता है कि जवान जब सर्चिंग करते हुए उस इलाके में पहुंचे तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कारवाई की। इस मुठभेड़ में एसीएम रैंक के तीन नक्सलियों मारे जाने की खबर है और हथियार भी बरामद हुए हैं। फिलहाल मुठभेड़ रुक गई है और जवान इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं।