ईवीएम आरोपों पर डिप्टी सीएम शर्मा का तंज- कांग्रेस जहां जीतती है, वहां मशीनें अचानक ‘ठीक’ कैसे हो जाती हैं?

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोपों पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में मेहनत नहीं करती और हार का ठीकरा हर बार ईवीएम पर फोड़ देती है। जनता ने उन्हें सबक सिखाया है, इसलिए वे दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए, फिर भी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी संभाले बैठे हैं। शर्मा ने कहा कि यह भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सोचना चाहिए कि संस्थाओं को किस तरह बदनाम किया गया। जहां कांग्रेस जीती, वहां ईवीएम सही कैसे हो गई?

धान खरीदी पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने बताया कि इस बार 1 लाख से ज्यादा नए किसानों ने पंजीयन कराया है और रकबा भी बढ़ा है। सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी। एग्रीस्टेक के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां वास्तविक धान उत्पादन नहीं होगा, वहीं का पंजीयन रोका जाएगा।

उधर, वीरेन्द्र तोमर की गिरफ्तारी और करणी सेना के प्रदर्शन की चेतावनी पर विजय शर्मा ने कहा कि कोई भी सामाजिक संस्था समाज के अच्छे कार्यों के लिए होती है, अपराधियों के बचाव के लिए नहीं। अपराधी, चाहे किसी भी संस्था का सदस्य हो, अपराधी ही होता है। यदि अपराधी किसी संस्था से जुड़ा है, तो उस संस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *