रायपुर। बिहार चुनाव के शुरुआती रुझानों पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए के 150 से अधिक सीटें पार करने का अनुमान पहले से था और वहीं सरकार भी बनाएगी। उन्होंने बिहार की जनता को “उचित निर्णय” के लिए बधाई दी और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कुछ हासिल नहीं कर पाते तो ईवीएम को दोष देते हैं। कांग्रेस को आत्म-अवलोकन की जरूरत है।
भूपेश बघेल की बिहार में सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्ति पर भी शर्मा ने करारा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा पहले अपने बोलने का अंदाज़ ठीक करें। वे बड़े नेता हैं, लेकिन हर किसी को भैंस समझने की आदत ठीक करनी होगी। कांग्रेस नेतृत्व में ताकत ही नहीं बची है।
ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री बघेल की पैतृक संपत्ति अटैच करने की खबरों पर उप मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि ईडी किसी की पैतृक जमीन का एक इंच भी अटैच नहीं कर सकती। ईडी ने जो भी अटैच किया है, उसका पूरा विवरण अपनी वेबसाइट पर डाल दिया है।
धान खरीदी को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार 15 नवंबर से पूरी तैयारी के साथ खरीदी शुरू कर रही है। इस बार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए के समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
रायपुर पुलिस को करणी सेना की कथित धमकी पर शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा समाज पवित्र है, अपराधियों के पीछे कोई समाज नहीं खड़ा होता। यदि कोई संगठन अपराधियों के पक्ष में काम करेगा तो वह संगठन नहीं, गिरोह कहलाएगा।
उन्होंने बताया कि 28 से 30 नवंबर तक छत्तीसगढ़ में पहली बार डीजीपी कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। “इस सम्मेलन से महत्वपूर्ण और दूरगामी निष्कर्ष सामने आएंगे।