रायपुर। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब इमरजेंसी गेट से महज 10 फीट दूर नीले पॉलीथिन में लिपटा नवजात शिशु का शव मिला। शव देखकर सफाईकर्मी की चीख निकल गई, जिसके बाद वार्ड बॉय और सुरक्षाकर्मी मौके पर दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मरचुरी (शवगृह) भेज दिया गया। पुलिस ने अब अस्पताल के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को यहां किसने छोड़ा और कब।
अस्पताल परिसर में लावारिस शव से मचा हड़कंप
अस्पताल के इमरजेंसी गेट के इतने करीब शव मिलने से सवाल उठ रहे हैं कि सुरक्षा व्यवस्था कितनी लचर है। जिस जगह से हर मिनट दर्जनों मरीज और उनके परिजन गुजरते हैं, वहीं इस तरह शव का पड़ा रहना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।
क्या अस्पताल में हुआ था जन्म या बाहर से लाया गया शव?
पुलिस अब अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या बच्चे का जन्म अंबेडकर अस्पताल में ही हुआ था, या उसे बाहर से लाकर यहां फेंका गया।फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
CCTV से खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV कैमरों में रात से सुबह तक की फुटेज खंगाली जा रही है। संदेह है कि किसी ने देर रात या तड़के शव को यहां लाकर रख दिया।