रायपुर। राजधानी में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। तेलीबांधा क्षेत्र की एक महिला के साथ धरसीवां के फार्महाउस में गैंगरेप की वारदात ने पुलिस अमले को भी हिला दिया है। घटना 27 अक्टूबर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को उसके ही बॉयफ्रेंड ने जाल में फंसाकर अपने दोस्त के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के श्यामनगर निवासी आरोपी आशीष जोशी का पीड़िता से पहले से परिचय था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आशीष ने ‘सुलह करने और जन्मदिन मनाने’ के बहाने महिला को अपनी एक्टिवा में बिठाया और रायपुर से सीधे धरसीवां के कूंरा शराब दुकान के पीछे स्थित फार्महाउस पर ले गया।
महिला के मुताबिक, वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई गई, जिसके बाद आशीष जोशी और उसके साथी रूपेद साहू (निवासी कपसदा) ने उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने किसी तरह पुलिस तक पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। तेलीबांधा और धरसीवां थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी आशीष जोशी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रूपेद साहू अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेज़ी से जांच शुरू कर दी है।