रायपुर। राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य और पार्षदों ने नगरवासियों को राज्योत्सव (5 नवंबर 2025), कार्तिक पूर्णिमा, महादेवघाट पुन्नी मेला और गुरु नानक देव जयंती की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
महापौर मीनल चौबे ने इस पावन अवसर पर नगरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी है। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन महादेवघाट में पिछले करीब 600 वर्षों से पारंपरिक पुन्नी मेला भरता है। इस दिन रायपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से हजारों श्रद्धालु खारून नदी में स्नान कर हटकेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं।
इसी दिन पूरे विश्व में सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी की जयंती भी धूमधाम से मनाई जाती है। उनके द्वारा मानवता, समानता और सत्य के संदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
महापौर चौबे और सभापति राठौड़ ने इस अवसर पर सभी नागरिकों से राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण में रायपुर को देश में पहला स्थान दिलाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में स्वच्छता फीडबैक देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता में हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।