बिलासपुर में दर्दनाक घटना: 9वीं की छात्रा ने अरपा नदी में कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

बिलासपुर। शहर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। राजकिशोर नगर की रहने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा अदिति ने बीती रात अरपा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार में शोक का माहौल है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, अदिति सोमवार की रात अपने घर में पढ़ाई कर रही थी। रात करीब डेढ़ बजे अचानक वह कमरे से बाहर निकली और तेज़ी से घर से बाहर की ओर दौड़ पड़ी। उसके पीछे उसकी बड़ी बहन भी पहुंची और रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक अदिति अरपा नदी पर बने छठघाट पुल तक पहुंच चुकी थी। वहां उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी।

यह दृश्य देखकर उसकी बहन और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की तलाश के बाद पुलिस ने छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया।

मृतका के पिता अरुण कुमार ने बताया कि रात में वे और उनकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे, जबकि नीचे की मंजिल पर दोनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। अचानक अदिति कमरे से बाहर भागी और कुछ ही मिनटों में यह हादसा हो गया। परिवारजन का कहना है कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *