
० कई संगठनों और समाजों का भी मिला समर्थन
० 6 नवंबर को बस्तर बंद का किया गया आह्वान
जगदलपुर। बीते दिनों छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष रायपुर निवासी अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज, अग्रवाल समाज के आराध्य देवों एवं हिंदू देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसे लेकर जगदलपुर का सिंधी समाज आक्रोशित हो उठा है।जगदलपुर सिंधी समाज द्वारा अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी, मगर प्रशासन द्वारा अब तक अमित बघेल पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। इ के विरोध में सोमवार को सिंधी समाज द्वारा कोतवाली चौक में प्रदर्शन किया गया और आक्रोश रैली निकाली गई।
प्रदर्शन में दिगंबर जैन समाज, श्वेतांबर जैन समाज, अग्रवाल समाज, आंध्र समाज, विश्वकर्मा समाज, माहेश्वरी समाज, मिथिला समाज, पंजाबी समाज, पंजाब सनातन धर्म सभा, उत्कल समाज, गुजराती समाज, बंगाली समाज, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, मुख्य मार्ग व्यापारी संघ, संजय बाजार व्यापारी संघ, विश्व हिंदू परिषद, सक्षम संगठन, सराफा संघ, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, यादव समाज, शौंडिक समाज, मराठी समाज, पतंजलि योगपीठ, क्षत्रिय समाज, सर्व हिंदू समाज, कायस्थ समाज एवं अन्य समाजों ने भी इस प्रदर्शन में शामिल होकर अपना समर्थन दिया और सभी ने एक स्वर में कहा कि अमित बघेल जैसे लोगो पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।प्रदर्शन के बाद आक्रोश रैली निकाली गई। आक्रोश रैली कोतवाली चौक से मुख्य मार्ग होती हुई कलेक्टर ऑफिस पहुंची एवं जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा गया एवं अमित बघेल पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, वरिष्ठजन एवं युवा शामिल हुए। आक्रोशित युवाओं एवं महिलाओं ने रैली में अमित बघेल मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन कार्रवाई करो, अमित बघेल को फांसी दो, हिंदू देवी देवताओं का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाकर लगाते रहे। सिंधी समाज ने यह चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर अमित बघेल पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो सिंधी समाज एवं समस्त हिंदू समाज द्वारा 6 नवंबर को जगदलपुर बंद किया किया जाएगा। बंद को बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स मुख्य मार्ग व्यापारी संघ, संजय मार्केट व्यापरी संघ एवं अन्य सामाजिक संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की है।