कांकेर में नक्सलियों का रेड कारपेट सरेंडर: 21 माओवादियों ने हथियार डाले

कांकेर। बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जिले में सक्रिय दो एरिया कमेटियों के 21 नक्सलियों ने आज पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। जंगलवार कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में इनका रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को संविधान की प्रति भेंट कर कहा कि अब समय है शांति और विकास का हिस्सा बनने का। उन्होंने बताया कि इन नक्सलियों ने पुलिस को 18 हथियार सौंपे हैं।

आईजी सुंदरराज ने कहा, एक दौर था जब नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी में 45 सदस्य थे, जो अब घटकर केवल 6 से 7 रह गए हैं।” उन्होंने दक्षिण बस्तर में छिपे माओवादियों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण करें, अन्यथा फोर्स कार्रवाई के लिए तैयार है।

गौरतलब है कि पुलिस ने हाल के महीनों में अपनी रणनीति बदली है—अब मुठभेड़ की जगह आत्मसमर्पण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसका असर भी दिख रहा है। इसी माह जगदलपुर में 208 नक्सलियों ने 109 हथियारों के साथ सरेंडर किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *