
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में धर्मांतरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक सूने मकान में गुप्त प्रार्थना सभा (Prayer Meeting) के नाम पर करीब 70 लोगों की भीड़ जुटाई गई थी, जहां कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची मस्तूरी पुलिस ने गोरेलाल टंडन और उसकी पत्नी सद्रोहा टंडन सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सभा में गरीब और असहाय लोगों को बहकाकर धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा था, उन्हें चमत्कारिक कहानियां सुनाकर ब्रेनवॉश किया जा रहा था।
घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पुलिस के पहुंचते ही दर्जनों लोग मकान से भागते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और धर्मांतरण नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है।