बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीले पदार्थ बेचते दो आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना बोधघाट क्षेत्र का है। गिरफ्तार आरोपियों में धरमसिंह साहू (32) निवासी पनारा पारा, जगदलपुर और शेख मोहम्मद हसन (23) निवासी जयपुर, अम्बागुडा शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी धरमसिंह साहू इंडस्ट्रियल एरिया बालाजी फर्नीचर के पास प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और इंजेक्शन एम्पुल बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। मुखबिर सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में टीम ने कार्रवाई की।

जांच में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अम्बागुडा, जिला कोरापुट स्थित तूफान मेडिकल से नशीली दवाइयां खरीदी थीं। आरोपी के कब्जे से कुल 1,776 नग ट्रामाडोल कैप्सूल (कीमत 16,582 रुपये) और 190 नग Pentazocine इंजेक्शन एम्पुल (कीमत 7,123 रुपये) जब्त किए गए।

निशानदेही पर सप्लायर शेख मोहम्मद हसन को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21.C के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि बस्तर पुलिस लगातार अपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *