
रायगढ़। जिले के तराईमाल गांव में स्थित एनआरवीएस प्लांट में शुक्रवार सुबह 7 बजे के करीब एक भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के इस प्लांट के फर्नेस सेक्शन में हुए इस हादसे से आसमान में धुआं का गुबार उठा, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया। इस भयावह धमाके में कम से कम चार मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में भी लोग सहम गए। घायलों को तुरंत ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, घायलों की संख्या और बढ़ सकती है, हालांकि अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। पूंजी पथरा थाने के प्रभारी राकेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मौत की खबरें महज अफवाह हैं।
प्रशासन और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किए। हादसे के बाद प्लांट को पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में फर्नेस में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने प्लांट में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और मजदूरों के परिजन प्लांट के बाहर जमा हैं, और प्रशासन हालात पर काबू पाने की कोशिश में जुटा है।